Korba Crime News: 48 घंटे में खुला जली महिला की हत्या का राज, शराब पार्टी के बाद विवाद और फिर हत्या; एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के डुमरमुड़ा में मिली जली हुई महिला की लाश के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में महिला की पहचान ग्राम अमलडिहा निवासी के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अजय कुमार धनवार अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर लेकर गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद विवाद हुआ और दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

8 अगस्त को मिला था महिला का जला हुआ शव

कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त 2026 को एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना के जल्द खुलासे के साथ मृतिका की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद कटघोरा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

गुमशुदगी से मिला महिला की पहचान का सुराग

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ थाना क्षेत्र के गुम इंसान मामलों की जानकारी खंगाली। मृतिका के हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को पता चला कि अमलडिहा गांव में रहने वाली एक महिला शुक्रवार रात से लापता है।

इसके बाद पुलिस ने महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों और संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटानी शुरू की।

घटना से पहले दोनों आरोपियों के साथ देखी गई थी महिला

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना से पहले शाम को किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार महिला के साथ देखे गए थे। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए थे।

पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों की तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले घटना में शामिल होने से इनकार किया। हालांकि, उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में गहन पूछताछ के बाद उसने कथित तौर पर अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान महिला और अजय कुमार धनवार के बीच पहले से संबंध होने की बात सामने आई। इसके बाद किरण कुमार पटेल द्वारा महिला के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किए जाने को लेकर विवाद हुआ।

About The Author