डीएवी खरमोरा में गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ अलंकरण समारोह
डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, खरमोरा कोरबा में छात्र नेतृत्व को प्रोत्साहित करने एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन विद्यालय प्रांगण में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री हेमंतो मुखर्जी एवं अतिथियों ने छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके दायित्वों का औपचारिक रूप से अलंकरण किया तथा उन्होने छात्र-छात्राओं को विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में प्राचार्य मुखर्जी मुखर्जी ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, समर्पण एवं जिम्मेदारी का सफल निर्वहन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय के आदर्शों का पालन करते हुए अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
समारोह में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती स्मृति सिंह के मार्गदर्शन में 11वीं कक्षा की छात्राओं ने सुव्यवस्थित एवं उत्साह पूर्वक संपन्न किया। कक्षा 12वीं के छात्र अभिषेक रंजन तिवारी हेड बॉय तथा कक्षा 12वीं की छात्रा साक्षी मौर्य को हेड गर्ल चुना गया तथा उन्हें बैज तथा सैश पहना कर सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में विभिन्न हाउस के हाउस कप्तान एवं सभी क्लास के क्लास मॉनिटर को भी मंच पर प्राचार्य मुखर्जी द्वारा बैज पहनाकर सम्मानित कर चुने हुए बच्चों के नाम की घोषणा की गई। अंत में सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। सभी शिक्षकों छात्रों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










