कोरबा में युवा कांग्रेस ने मनाया स्थापना दिवस, पौधारोपण के साथ लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

कोरबा। भारतीय युवा कांग्रेस ने शनिवार को कोरबा में अपना स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस कार्यालय, एसईसीएल मुड़ापार में वृक्षारोपण एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवा कार्यकर्ताओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल रहे। उन्होंने कार्यालय परिसर में पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण और जीवन देने का काम करेगा।

युवा शक्ति को बताया बदलाव की ताकत

जयसिंह अग्रवाल ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समाज सेवा, संगठन की मजबूती और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की आधारशिला होती है और युवाओं में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता होती है।

उन्होंने युवाओं से सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। साथ ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से केवल राजनीति तक सीमित न रहकर गांव-गांव में स्वच्छता, नशा मुक्ति और हरियाली के महत्व को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण

कार्यक्रम में पीसीसी सचिव विकास सिंह, डीसीसी उपाध्यक्ष अशोक लोढ़ा, पवन विश्वकर्मा, बृजभूषण, सुनील निर्मलकर, अजित बर्मन, विवेक श्रीवास, अमित सिंह सहित निकिता खलखो, ईशा, मुस्कान, नितेश, कुलदीप, नारायण, सुजीत बर्मन, मनीष, बाबिल, आकाश प्रजापति, मिनकेतन, वीरेन्द्र, लगन, हेमंत और निखिल समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सहयोग करने का प्रण भी लिया।

सप्ताहभर चलेगा वृक्षारोपण अभियान

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत पूरे जिले में सप्ताहभर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ तथा देशभक्ति के नारों के साथ हुआ।

About The Author