कटघोरा में अटल प्रतिमा विवाद पर बवाल, युवा कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन और चक्काजाम की कोशिश

कटघोरा। कटघोरा नगर पालिका परिसर में स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर विरोध दर्ज कराया और चक्काजाम व सड़क जाम करने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रतिमा निर्माण में कथित गड़बड़ी सामने आने के बावजूद प्रशासन ने केवल एक उप-अभियंता (सब-इंजीनियर) पर कार्रवाई कर मामले को सीमित करने का प्रयास किया है।

युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार की पुष्टि हुई है तो जांच का दायरा बढ़ाकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ), संबंधित ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की जांच के लिए एक स्वतंत्र और उच्चस्तरीय समिति गठित की जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक प्रतिमा को हटाने, बदलने या उसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई।

युवा कांग्रेस ने दोषी पाए जाने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की भी मांग उठाई।

पुलिस रही मुस्तैद

आंदोलन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और पूरे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

About The Author