Korba News : खेलते-खेलते 10 साल की मासूम के गले में फंसा गमछा, दम घुटने से मौत; परिवार में पसरा मातम
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते समय 10 साल की मासूम बच्ची के गले में गमछा कस गया। दम घुटने से उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छोटे भाई के साथ खेल रही थी रोमा
जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची की पहचान 10 वर्षीय रोमा राज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रहता है। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और उसका एक छोटा भाई भी है।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय रोमा घर में अपने छोटे भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान उसने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि रोमा पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए गमछे में सिर फंसाकर इसी तरह मजाक किया करती थी।
अचानक गले में कस गया गमछा
इस बार खेल के दौरान गमछा अचानक रोमा के गले में कस गया। इससे उसका दम घुटने लगा। परिजनों को जब घटना का पता चला तो उन्होंने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
परिजन तत्काल रोमा को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
10 साल की बच्ची की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। मासूम की मौत की खबर से सतनाम नगर में भी शोक का माहौल है।









