कोरबा में खूनी वारदात: दोस्त की पत्नी को लेकर हुई टिप्पणी, पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी वारदात का रूप ले लिया। रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक युवक ने दोस्त की पत्नी को लेकर हुई टिप्पणी से नाराज होकर अपने ही दोस्त पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में पीड़ित गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि आग लगाते समय आरोपी का हाथ भी झुलस गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी आनंद मंझवार अपने दोस्त संजय कुमार कंवर के साथ गांव में रहने वाले एक अन्य मित्र संतराम के घर गया था। दोनों वहां से लौट रहे थे, तभी रास्ते में गांव का लीला सिंह अगरिया अपने घर के बाहर मिला। तीनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
इसी दौरान लीला सिंह ने आनंद के घरेलू मामले को लेकर टिप्पणी कर दी। जवाब में आनंद ने भी लीला पर टिप्पणी की, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
घर से पेट्रोल लाकर लगा दी आग
विवाद से गुस्साए लीला सिंह अगरिया ने अपने घर के अंदर जाकर पेट्रोल से भरी बोतल उठाई और बाहर आकर आनंद मंझवार के ऊपर पेट्रोल उड़ेल दिया। इसके बाद उसने माचिस से आग लगा दी। देखते ही देखते आनंद आग की लपटों में घिर गया।
तालाब में कूदकर बचाई जान
आग लगने के बाद आनंद अपनी जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर दूर स्थित डबरीनुमा तालाब की ओर भागा और उसमें छलांग लगा दी। इससे आग बुझ गई और उसकी जान बच सकी।
घटना के बाद संजय कुमार कंवर और परिजन घायल आनंद को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपी का हाथ भी झुलसा
पुलिस ने बताया कि पेट्रोल डालकर आग लगाते समय आरोपी लीला सिंह अगरिया का एक हाथ भी आग की चपेट में आ गया, जिससे वह भी झुलस गया।
अगले दिन संजय कुमार कंवर ने रजगामार पुलिस चौकी में घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी विनोद सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामूली विवाद में इस तरह की हिंसक घटना गंभीर अपराध है। मामले की जांच जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।









