रोटरी क्लब ऑफ कोरबा द्वारा बांकी मोंगरा में 24 सितंबर को लगेगा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर

रोटरी क्लब ऑफ कोरबा द्वारा विनायक पब्लिक स्कूल बांकी मोंगरा के सहयोग से, 24 सितंबर 2026, गुरुवार को विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान करना है।
यह स्वास्थ्य शिविर विनायक पब्लिक स्कूल परिसर, बांकी मोंगरा में आयोजित होगा। शिविर में रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रसाद नेत्रालय के सहयोग से नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद जांच की व्यवस्था रहेगी। वहीं रोटेरियन डॉ. संजय अग्रवाल के सहयोग से लोगों के लिए दंत चिकित्सा एवं दंत स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजकों के अनुसार शिविर में जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। विशेष रूप से आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच, मोतियाबिंद की पहचान तथा दांतों एवं मौखिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की चिकित्सकीय जांच की जाएगी। समय पर जांच होने से ऐसे मरीजों की पहचान करने में मदद मिलेगी जिन्हें आगे उपचार या सर्जरी की आवश्यकता है।
रक्तदान के लिए भी किया गया आह्वान
शिविर में रक्तदान को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। आयोजकों ने क्षेत्र के स्वस्थ एवं जागरूक नागरिकों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
रोटरी क्लब ऑफ कोरबा द्वारा लगातार स्वास्थ्य एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में यह शिविर भी समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने की अपील
रोटरी क्लब ऑफ कोरबा एवं विनायक पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने क्षेत्र के नागरिकों, रोटरी सदस्यों तथा जागरूक लोगों से अपील की है कि वे इस सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं और शिविर की जानकारी अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। आयोजकों ने लोगों से निर्धारित समय पर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है। साथ ही समाज के जागरूक नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे जरूरतमंद मरीजों को शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें और इस जनसेवा अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

About The Author