ब्रह्माकुमार डॉ. अंगपाल पाण्डेय की पुण्यतिथि पर स्नेहांजलि कार्यक्रम, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़
कोरबा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के गेवराघाट स्थित आध्यात्मिक ऊर्जा पार्क, तुलसीनगर में कोरबा के वरिष्ठ त्यागी, तपस्वी एवं समर्पित राजयोगी ब्रह्माकुमार डॉ. अंगपाल पाण्डेय की पुण्यतिथि के अवसर पर स्नेहांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया तथा उनके जीवन और सेवाभावी कार्यों का स्मरण किया।
कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया, डॉ. अंगपाल पाण्डेय के बड़े भाई विश्वामित्र पाण्डेय, छोटे भाई आदित्य पाण्डेय सहित पंचतत्व, पंचगव्य चिकित्सक डॉ. धीरेंद्र यादव, होम्योपैथिक चिकित्सक रोशनी सिंह, हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. के.सी. देवनाथ एवं स्थानीय सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी रुक्मणी दीदी तथा जमनीपाली सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी बिंदु दीदी उपस्थित रहीं।

त्याग और सेवा के जीवन को किया याद
उपस्थित अतिथियों ने डॉ. अंगपाल पाण्डेय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। स्थानीय प्रभारी बीके रुक्मणी दीदी ने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन त्याग और ईश्वरीय सेवा के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने तन-मन-धन से ईश्वरीय सेवा की और अपने कार्यों से समाज को प्रेरित किया।
अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि इतने बड़े पद पर रहने के बावजूद डॉ. अंगपाल पाण्डेय में अभिमान का लेशमात्र भी नहीं था। उनके बड़े भाई विश्वामित्र पाण्डेय एवं छोटे भाई आदित्य पाण्डेय ने भी उनके महान कार्यों और आदर्शों को याद किया। उपस्थित सभी अतिथियों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के अंत में आदित्य शर्मा (पूर्व मैनेजर, एसबीआई बालको) ने श्रद्धांजलि गीत के माध्यम से अपने भाव व्यक्त किए।
पहली बार आयोजित हुआ बहुविध निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा एवं ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, एलोपैथिक, पंचतत्व, पंचगव्य एवं पंचांग चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। संस्था में पहली बार इस प्रकार के विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर में चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए डॉ. पवन कुमार मिश्रा, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी; डॉ. नेहा धृतलहरे, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी (आयुर्वेद औषधालय गोढ़ी); डॉ. शरद चन्द्र, आयुष चिकित्सक; डॉ. राहुल जयसवाल, आयुष चिकित्सक (शासकीय आयुष पॉलीक्लिनिक कोरबा); डॉ. सुषमा चौहान, योग चिकित्सक (एनसीडी क्लीनिक, जिला चिकित्सालय); फार्मासिस्ट संतोष पैकरा एवं किरण साहू (होम्योपैथी) तथा औषधालय सेवक सत्यजीत कुंज (आयुर्वेद विंग, जिला चिकित्सालय) उपस्थित रहे।
आयोजकों ने शिविर में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, अतिथियों एवं सेवाभावियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल के सहयोग के लिए संस्था की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।









