दिल्ली में CJP प्रदर्शन से तनाव, संसद भवन के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान सोमवार को दिल्ली में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारी संसद भवन के करीब पहुंच गए, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और कई स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई।

प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने के प्रयास के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, संसद के आसपास आंसू गैस के गोले छोड़े गए। वहीं, संसद भवन के सभी गेटों के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पहुंचे प्रदर्शनकारी

जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गए। कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की गई, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने संसद मार्ग थाना क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने तोड़ी भूख हड़ताल

इस बीच CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर नहीं भेजा गया तो वह दोबारा संसद मार्च का कदम उठा सकते हैं।

वहीं, सोनम वांगचुक इस समय सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि उनकी भूख हड़ताल का आज 23वां दिन है। वांगचुक ने अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर संसद मार्च में शामिल होने के लिए डिस्चार्ज किए जाने की मांग की है।

CJP प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मांगा मिलने का समय

CJP प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे हैं। प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रतिनिधिमंडल सरकार के सामने अपनी मांगें रखने की तैयारी में है।

लाठीचार्ज के दावे पर पुलिस का इनकार

इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने दावा किया था कि सुबह जंतर-मंतर पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोगों के घायल होने की बात कही गई। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज की खबरों से इनकार किया है।

About The Author