Jantar Mantar Protest : जंतर-मंतर से संसद मार्च पर हंगामा, बैरिकेडिंग तोड़ी; दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज की खबरों का किया खंडन
Jantar Mantar Protest : नई दिल्ली। ‘चलो संसद’ मार्च के आह्वान के बीच सोमवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में प्रदर्शनकारी जुट गए। स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान कई स्थानों पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जंतर-मंतर से संसद मार्ग थाने तक बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। भीड़ का अनुमान 12 हजार से अधिक बताया जा रहा है। इस दौरान दो वाहनों को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है।
इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के दावे सामने आए। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन खबरों का स्पष्ट रूप से खंडन किया है।
दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज या बल प्रयोग की कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, विरोध-प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
उधर, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने उन्हें निजी अस्पताल में स्थानांतरित किए जाने की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है और मामले में शीघ्र सुनवाई की मांग की है।
फिलहाल जंतर-मंतर और संसद मार्ग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।









