• nagardarpannews

उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में ₹26.17 करोड़ के दो उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्यों का शुभारंभ

कोरबा, 29 अक्टूबर 2026/ कोरबा विधानसभा क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और सड़क अधोसंरचना मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में दो उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। दर्री बराज–बरमपुर मार्ग पर अहिरन नदी में ₹17.05 करोड़ और दर्री–सीएसईबी चौक मार्ग पर कोहड़िया के समीप बेलगिरी नाला में ₹9.11 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा।

बेलगिरी नाला पर संकरे पुल की जगह बनेगा उच्चस्तरीय पुल

कोहड़िया के समीप बेलगिरी नाला पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वर्तमान पुल संकरा होने के कारण आवागमन में परेशानी होती थी और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इस समस्या को देखते हुए ₹9.11 करोड़ की लागत से उच्चस्तरीय पुल निर्माण की स्वीकृति दी गई है। आज कार्य का शुभारंभ होने के साथ इसका निर्माण शुरू हो रहा है।

उन्होंने कहा कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में मुख्य सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के साथ पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिल सके।

अहिरन नदी पर पुल बनने से भारी वाहनों का दबाव घटेगा

दर्री बराज–बरमपुर मार्ग पर अहिरन नदी में ₹17.05 करोड़ की लागत से बनने वाले उच्चस्तरीय पुल का भी शुभारंभ किया गया। बरमपुर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि लगभग ₹85 करोड़ की लागत से बरमपुर मोड़ से दर्री बराज तक नई सड़क का निर्माण शुरू हो चुका है। इसी मार्ग पर पुल बनने से सड़क संपर्क और आवागमन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक लगभग ₹30 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। सड़क और पुल निर्माण कार्य पूरे होने पर बरमपुर क्षेत्र से भारी वाहन दर्री के रास्ते कटघोरा और बालको रिंग रोड की ओर जा सकेंगे। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि बेहतर सड़कें, मजबूत पुल और सुगम यातायात व्यवस्था कोरबा के विकास की महत्वपूर्ण जरूरत हैं। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था को भी लाभ होगा।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन, पार्षद श्री लक्ष्मण श्रीवास, श्री मुकुंद सिंह कंवर, एल्डरमैन श्री ईश्वर साहू, पार्षद श्रीमती भानुमति जायसवाल, श्री रामाधर पटेल, श्री मनीष मिश्रा, श्री माधव जायसवाल, श्री हीरू जायसवाल, श्रीमती देवकी साहू, श्री भानु यादव, श्री ओमप्रकाश पटेल, श्री रामधन पांडे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

About The Author