कोरबा में प्लाटून कमांडर पर दुष्कर्म का आरोप, शादी का झांसा देने के मामले में FIR दर्ज
कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्लाटून कमांडर प्रमोद महंत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने पहले उससे दोस्ती की और शादी का भरोसा दिलाया। इसके बाद शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने लंबे समय तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीड़िता के बयान, साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।









