• nagardarpannews

Korba Crime News: घर से निकला युवक नहीं लौटा, तीन दिन बाद सायफन नहर में मिला शव

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोतवाली थाना क्षेत्र के सायफन नहर पुल के पास पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान इमली डुग्गू निवासी सतीश रजक के रूप में हुई है। वह बीते मंगलवार की शाम से लापता था। तीन दिनों से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को शव मिलने की खबर से परिवार में मातम पसर गया।

मंगलवार शाम से लापता था युवक

जानकारी के अनुसार, सतीश रजक मंगलवार की शाम बिना किसी को बताए घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

सायफन नहर पुल के पास पानी में दिखा शव

शुक्रवार सुबह सायफन नहर पुल के पास से गुजर रहे राहगीरों ने पानी में एक युवक का शव तैरते हुए देखा। इसकी सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान सतीश रजक के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच जारी

पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव नहर तक कैसे पहुंचा।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। तीन दिनों से लापता युवक का शव मिलने से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।

About The Author