कोरबा में आदतन अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, मुख्य आरोपी के जिलाबदर की तैयारी

कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सीएसईबी क्षेत्र में हाल ही में हुई मारपीट के मुख्य आरोपी हरीश राव उर्फ गोलू के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा एवं लोक सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत जिलाबदर की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव जिला दंडाधिकारी को भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, हरीश राव के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर 12 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं, सीएसईबी मारपीट कांड के अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जा रही है। जिनके विरुद्ध गंभीर आपराधिक इतिहास मिलेगा, उन्हें गुंडा सूची एवं निगरानी बदमाश घोषित करने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुंडागर्दी, हथियारों के बल पर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author