CG Weather : छत्तीसगढ़ में मानसून का जोरदार आगमन, 27 जिलों के लिए बारिश-आंधी की चेतावनी

CG Weather Update

CG Weather Update

CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से सक्रिय हो गया है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटों के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेशभर में व्यापक वर्षा की संभावना जताते हुए 27 जिलों के लिए बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की प्रगति लगातार बनी हुई है और जल्द ही कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही तथा कबीरधाम जिले के शेष हिस्सों में भी इसकी दस्तक होने की संभावना है। विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम के बदले हुए मिजाज के बने रहने के संकेत दिए हैं।

CG BREAKING : 9 लोगों को लेकर जा रही नाव अचानक पलटी, 3 ग्रामीण लापता’ राहत-बचाव अभियान जारी

राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। तेज बारिश के बाद शहर का मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई।

बारिश के असर से पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की गई है। किसानों के लिए भी यह बारिश लाभकारी मानी जा रही है, क्योंकि इससे खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने की उम्मीद है।

About The Author