छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का दौर जारी, खरीफ फसल पर संकट के बादल

CG Weather Update

CG Weather Update

Weather change in Chhattisgarh : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है। भीषण गर्मी के बीच आए इस बदलाव से आम लोगों को राहत मिली है, लेकिन मानसून के समय पर नहीं पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों के कुछ स्थानों पर मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ वज्रपात और वर्षा दर्ज की गई है। विभाग ने अगले दो दिनों तक भी कुछ स्थानों पर तेज गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 37.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन क्षेत्रों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, करपावंड और सामरी में 5 सेमी, बास्तानार में 4 सेमी, जबकि बकावंड, अंबिकापुर और भनपुरी में 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं नगरी, छुईखदान, मर्दापाल, लोहांडीगुड़ा, कुकरेल, दुर्ग, लाभांडीह, रायपुर शहर, पलारी और कोंडागांव में 2 सेमी तक बारिश हुई।

सिनॉप्टिक सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका समुद्र तल पर बनी हुई है। इसके अलावा पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर देखा जा रहा है।

आज कैसा रहेगा मौसम?
प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

अगले दो दिनों का अनुमान
अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

रायपुर का मौसम अपडेट
राजधानी रायपुर में 20 जून को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

किसानों की बढ़ी चिंता
मानसून की देरी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित होने की आशंका के चलते किसान जल्द बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

About The Author