Bihar Police Exam : पाटलिपुत्र स्टेशन बना रणक्षेत्र, अभ्यर्थियों का हिंसक प्रदर्शन

Bihar Police Exam पटना। बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की सिपाही भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों का गुस्सा रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हिंसक रूप ले बैठा। विशेष ट्रेनों की कमी और गाड़ियों के देरी से चलने के कारण परीक्षा छूटने के डर से हजारों परीक्षार्थी उग्र हो गए और रेल पटरियों को जाम कर दिया।

पथराव और तोड़फोड़ से बिगड़े हालात

स्थिति तब और बिगड़ गई जब पाटलिपुत्र-कटिहार एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। नाराज अभ्यर्थियों ने रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य ट्रैक पर कब्जा कर लिया। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया और भीड़ ने ट्रेन के डिब्बों पर पथराव कर दिया, जिससे कई कोच क्षतिग्रस्त हो गए। स्टेशन परिसर के आसपास स्थित दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

14 June 2026 Horoscope : इस राशि के नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों का मिलेगा सहयोग, जानिए अपना राशिफल …

इस दौरान हुई झड़प में पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले दागे

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। इसके बाद हालात धीरे-धीरे काबू में आए।

फिलहाल स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

ट्रेनों की कमी से बढ़ा आक्रोश

बताया जा रहा है कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित थी, जिसके लिए शनिवार रात से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी स्टेशन पर पहुंच गए थे। लेकिन पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध नहीं होने और जो ट्रेनें आईं, उनके भी देरी से चलने के कारण अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

छात्रों को डर था कि वे समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाएंगे, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है। इसी चिंता ने आक्रोश का रूप ले लिया।

रेल परिचालन रहा प्रभावित, यात्रियों को हुई परेशानी

इस पूरे घटनाक्रम के चलते पाटलिपुत्र स्टेशन से गुजरने वाली कई नियमित ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए बाधित रहा। आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है, ताकि फंसे हुए अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। दानापुर प्रशासन के अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और हालात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

About The Author