प्रतिभाओं का सम्मान समाज को देता है नई प्रेरणा : रोटेरियन अमित जायसवाल
कोरबा। रोटरी क्लब ऑफ कोरबा द्वारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित जायसवाल के आधिकारिक दौरे के दौरान आयोजित विशेष समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चार प्रतिभाओं को “सर्विस अवार्ड” प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, विधि एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता श्री रविंद्र पाराशर को विधि एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगभग 25 वर्षों से निरंतर योगदान देने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने न्यायिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है तथा वे कोरबा जिले के प्रथम अधिवक्ता हैं जिन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ स्तर पर अध्यक्ष पद प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनके सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना को भी कार्यक्रम में विशेष उल्लेख मिला।
कार्यक्रम में मिस लोकिता चौहान को किक बॉक्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए सम्मानित किया गया। कम उम्र में खेल प्रतिभा का परिचय देते हुए उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर युवाओं के लिए प्रेरणा बनने का कार्य किया है।

इसी प्रकार मास्टर मेहुल प्रेम प्रकाश गुप्ता को सीबीएसई 12वीं परीक्षा में कोरबा जिला टॉपर बनने पर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी मेहनत, अनुशासन एवं अध्ययन के प्रति समर्पण को समारोह में विशेष रूप से सराहा गया।
बैडमिंटन खिलाड़ी श्री देव कुमार पैंकरा को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। वे छत्तीसगढ़ एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई बार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं तथा पांच बार शीर्ष स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। खेलों के प्रति उनका समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत माना गया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जैसे रामायण में हनुमान जी को और महाभारत में अर्जुन को प्रेरणा एवं मार्गदर्शन मिला, उसी प्रकार समाज में भी लोगों को निरंतर मोटिवेट करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सेवा, सहयोग एवं दान की भावना विकसित करनी चाहिए ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि रोटरी की परंपरा हमेशा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने की रही है। ऐसे प्रतिभाशाली एवं सेवाभावी लोगों का सम्मान समाज के अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने और सेवा कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









