जैन संतों की सुरक्षा को लेकर सकल जैन समाज की विशाल मौन रैली

कोरबा। सकल जैन समाज कोरबा के तत्वावधान में जैन साधु-साध्वियों के विहार के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा की जा रही हिंसक घटनाओं एवं लगातार हो रही दुर्घटनाओं के विरोध में सोमवार, 25 मई 2026 को विशाल मौन रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समाजजनों द्वारा माननीय प्रधानमंत्री महोदय के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर संत समाज की सुरक्षा हेतु ठोस एवं कठोर कदम उठाने की मांग की जाएगी।

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में जैन साधु-साध्वियों के विहार के दौरान बार-बार सामने आ रही घटनाओं से संपूर्ण समाज में गहरा आक्रोश एवं पीड़ा व्याप्त है। यदि समय रहते इस विषय पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी ऐसी दुखद एवं धार्मिक आघात पहुंचाने वाली घटनाएं होती रहेंगी तथा माताजी एवं महाराज श्री का सड़कों पर सुरक्षित विहार करना दूभर होता जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार प्रातः 11:00 बजे श्री 1008 दिगंबर जैन मंदिर बुधवारी में समाजजन एकत्रित होंगे। इसके पश्चात मंदिर से कलेक्ट्रेट तक विशाल मौन रैली निकाली जाएगी, जहां माननीय प्रधानमंत्री महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

समाज द्वारा कार्यक्रम हेतु ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है, जिसमें पुरुष वर्ग के लिए श्वेत कुर्ता-पायजामा एवं महिला वर्ग के लिए पीले वस्त्र निर्धारित किए गए हैं।

सकल जैन समाज कोरबा ने सभी समाजबंधुओं, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर एकता, संगठन एवं धार्मिक सुरक्षा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

About The Author