CG Weather Update : बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया तूफानी सिस्टम, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
Weather Update
CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय हो गया है, जो तेजी से मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के भीतर इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना है। इस सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ समेत मध्य भारत के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। प्रदेश में 3 और 4 नवंबर को कई इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में तेजी से मजबूत हो रहा सिस्टम
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब लगातार मजबूत हो रहा है। अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के चलते इसके अगले 24 घंटे में चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम आगे बढ़ते हुए 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंच सकता है।
CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में कमजोर पड़ा चक्रवात अर्नब, अब बढ़ेगा तापमान’ फिर सताएगी गर्मी
समुद्र में बन रहे इस सिस्टम की दिशा और तीव्रता पर मौसम वैज्ञानिक लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसके तटीय क्षेत्रों के करीब पहुंचने के बाद बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में 3-4 नवंबर को बारिश के आसार
इस चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 3 और 4 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसके चलते तापमान में गिरावट आने और मौसम में ठंडक बढ़ने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी बादल छाने और बारिश की स्थिति बन सकती है। हालांकि, बारिश का वास्तविक प्रभाव सिस्टम की दिशा, गति और समुद्र से आने वाली नमी पर निर्भर करेगा।
नवंबर की शुरुआत में संभावित बारिश को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है। खेतों में कटाई के लिए तैयार धान और खुले स्थानों पर रखी फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी जाती है। तेज हवाओं और बारिश की स्थिति में पेड़ों के नीचे खड़े होने तथा खुले स्थानों पर अनावश्यक आवाजाही से बचना चाहिए।










