चलती कार में लगी भीषण आग, समय रहते बाहर निकले सवार, बड़ा हादसा टला

Korba के दर्री-कटघोरा मुख्य मार्ग स्थित जेलगांव चौक के पास शुक्रवार को चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान कार में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार दर्री से कटघोरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक ने स्थिति को समझते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और सभी सवारों को बाहर निकाल लिया। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। बाद में दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना के चलते कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author