कोरबा में पहुँचा आंध्र विश्वविद्यालय शताब्दी वर्ष का विशेष ₹100 स्मारक सिक्का
कोरबा। आंध्र विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष (1926-2026) के उपलक्ष्य में जारी विशेष ₹100 का स्मारक प्रूफ कॉइन आज कोरबा में रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष श्री रामसिंह अग्रवाल जी को प्राप्त हुआ। इस विशेष स्मारक सिक्के को लेकर शहर में उत्सुकता एवं चर्चा का माहौल देखा गया।
स्मारक सिक्के की आकर्षक पैकेजिंग में आंध्र विश्वविद्यालय का प्रतीक चिन्ह एवं ऐतिहासिक भवन की तस्वीर अंकित है। सिक्के के एक भाग में अशोक स्तंभ एवं ₹100 मूल्य दर्शाया गया है, जबकि दूसरे भाग में विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष का उल्लेख किया गया है।
यह विशेष प्रूफ कॉइन 44 मिमी व्यास एवं 35 ग्राम वजन का है। सिक्के में 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकेल तथा 5 प्रतिशत जस्ता का मिश्रण उपयोग किया गया है।
श्री रामसिंह अग्रवाल ने इसे भारतीय शिक्षा जगत एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी गौरवपूर्ण स्मृति बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्मारक सिक्के आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास एवं उपलब्धियों को संजोने का कार्य करते हैं।
कोरबा में इस विशेष स्मारक सिक्के के पहुंचने पर संग्रहकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं इतिहास प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।









