कोरबा में सियासी हमला: जयसिंह अग्रवाल बोले—‘अघोषित आपातकाल की ओर बढ़ रहा देश’, महंगाई-ईंधन संकट पर घेरा
कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की स्थिति धीरे-धीरे “अघोषित आपातकाल” जैसी होती जा रही है, जहां आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और ईंधन संकट से जूझ रही है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया आह्वानों पर निशाना साधते हुए कहा कि सोना न खरीदने, विदेश यात्रा टालने और गैस-तेल के उपयोग में कटौती जैसी अपीलें आम लोगों के “जख्मों पर नमक छिड़कने” जैसी हैं। उनका आरोप था कि सरकार राहत देने के बजाय केवल सलाह तक सीमित है।
अग्रवाल ने कहा कि पिछले दो महीनों से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है। वहीं किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिलने से खेती और उत्पादन पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा और ईंधन भंडारण को लेकर भी सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय संकटों के समय सरकार कमजोर नजर आती है, जिसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है।
अंत में उन्होंने केंद्र सरकार से महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट जैसे मुद्दों पर ठोस कदम उठाकर आम जनता को राहत देने की मांग की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।









