कोरबा में जनगणना 2027 की तैयारी तेज: 16 अप्रैल से स्वगणना शुरू, 3000 से अधिक कर्मी जुटे, 1 मई से घर-घर सर्वे अभियान शुरू

कोरबा। कोरबा कलेक्ट्रेट के सभागार में आज आयोजित प्रेस वार्ता में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भारत की आगामी जनगणना 2027 के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वगणना (Self Enumeration) का कार्य 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

कलेक्टर ने बताया कि कोरबा जिले में कुल 24 चार्ज बनाए गए हैं। इनमें 12 तहसीलों में तहसीलदार चार्ज अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, वहीं 5 नगरीय निकायों में 4 मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं एक नगर निगम में 7 जोन ऑफिसर को चार्ज अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनगणना कार्य के लिए जिले में कुल 2073 हाउस लिस्टिंग (एचएल) ब्लॉक गठित किए गए हैं।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि जनगणना के सुचारू संचालन हेतु जिले में 2384 प्रगणक (Enumerators) और 423 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इस प्रकार लगभग 3000 मैनपॉवर जनगणना कार्य में लगाया गया है। प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण 24 अप्रैल 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

इसके बाद 1 मई 2026 से घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस प्रक्रिया के अंतर्गत नागरिकों से सुविधाओं से संबंधित 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके आधार पर आवश्यक आंकड़ों का संग्रह किया जाएगा।

 

कलेक्टर ने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक हाउसिंग लिस्टिंग का कार्य किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में व्यक्तिगत जनगणना फरवरी 2027 से प्रारंभ होगी।

प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि सभी प्रगणकों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) प्रदान किए जाएंगे, जिन्हें देखने का अधिकार आम जनता को होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना की जानकारी व्यापक रूप से पहुंचाने के लिए ग्रामों में मुनादी भी कराई जाएगी।

प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं।

About The Author