आरक्षित वर्ग कर्मचारी संघ का ऐलान—मांगों की अनदेखी पर चरणबद्ध आंदोलन 13 अप्रैल से

रायपुर, 11 अप्रैल। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर प्रबंधन द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। संघ ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट ट्रांसमिशन, जेनरेशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंधन को पत्र भेजकर आंदोलन की सूचना दी है।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, पूर्व में कई बार ज्ञापन और पत्राचार के माध्यम से समस्याओं को उच्च प्रबंधन के संज्ञान में लाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। संघ का आरोप है कि संबंधित आदेशों एवं परिपत्रों की गलत व्याख्या कर कर्मचारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के कर्मचारी पदोन्नति से वंचित हो रहे हैं।

चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा इस प्रकार है:

13 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026: सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में गेट मीटिंग एवं सामूहिक हस्ताक्षर अभियान

20 अप्रैल 2026: एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर विरोध प्रदर्शन

27 अप्रैल 2026: अतिरिक्तकालीन सामूहिक अवकाश के साथ प्रदर्शन

संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में कहा है कि माननीय सुप्रीम कोर्ट एवं न्यायालय के आदेशों के अनुरूप पदोन्नति प्रक्रिया को सही तरीके से लागू किया जाए। साथ ही, नई पदोन्नति नीति लागू होने तक वर्तमान प्रक्रिया पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

About The Author