खुले नाले में गिरी बाइक: कोरबा में बड़ा हादसा टला, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। शहर के डीएम रोड स्थित साईं पैलेस के पास शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मुड़ापार निवासी बाइक सवार युवक ओम प्रकाश अचानक संतुलन बिगड़ने से खुले नाले में जा गिरा। हादसे में युवक को चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश अपनी बाइक से डीएम रोड से गुजर रहे थे। साईं पैलेस के समीप अचानक संतुलन बिगड़ने से वे बाइक समेत खुले नाले में गिर गए। नाला गहरा और दलदल से भरा होने के कारण युवक उसमें फंस गया और मदद के लिए चिल्लाने लगा।
आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल युवक को बाहर निकाला। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त नाला लंबे समय से खुला पड़ा है और इसकी नियमित सफाई भी नहीं की जा रही है। नाले की स्थिति को देखकर साफ है कि सफाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।
इस घटना के बाद नगर पालिक निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले नालों को तत्काल ढंका जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।









