कोरबा: ट्रैक्टर बेचने में फर्जीवाड़ा का आरोप, पीड़ित ने की FIR की मांग

कोरबा में ट्रैक्टर बिक्री को लेकर कूटरचना और अमानत में खयानत का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित राजा गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उसके ट्रैक्टर को फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसी अन्य व्यक्ति को नए वाहन के रूप में बेच दिया गया।

पीड़ित के अनुसार उसने वर्ष 2022 में एक जॉन डियर ट्रैक्टर खरीदा था, जिसकी किस्तें वह नियमित रूप से चुका रहा था। तकनीकी खराबी आने पर ट्रैक्टर को सुधार के लिए संबंधित कारोबारी के पास छोड़ा गया, लेकिन बाद में उसे जानकारी दी गई कि ट्रैक्टर बेच दिया गया है।

जांच में सामने आया कि उसी इंजन और चेचिस नंबर पर ट्रैक्टर को जांजगीर-चांपा में नए वाहन के रूप में किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत कर दिया गया है। पीड़ित ने इसे दस्तावेजों में हेराफेरी और धोखाधड़ी बताया है।

राजा गुप्ता ने बताया कि वह इस ट्रैक्टर से आजीविका चलाता था और अब उसे आर्थिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही करीब 3.60 लाख रुपये की EMI भी बकाया है।

पीड़ित ने 18 मार्च से लेकर अब तक कई बार पुलिस में शिकायत की, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं होने से वह निराश है। उसने पुलिस पर मामले को लंबित रखने और कोर्ट जाने की सलाह देने का आरोप लगाया है।

पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ जल्द FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

About The Author