छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन दवा सप्लाई पर बवाल’ बालको अस्पताल में टाटा 1MG को ठेका देने का विरोध, 11 मई को देशभर में दवा दुकानें रहेंगी बंद

छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन” पूरे राज्य के लगभग 18,000 दवा विक्रेताओं का प्रतिनिधित्व करती है। हमारी संबद्धता “ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन” से है, जो पूरे भारतवर्ष के लगभग 12,50,000 केमिस्टों का प्रतिनिधित्व करती है।

अखिल भारतीय, प्रदेश एवं जिला स्तर पर हमारी संस्था द्वारा प्रारंभ से ही ऑनलाइन दवा विक्रय का निरंतर विरोध किया जाता रहा है, क्योंकि इससे दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण तथा आपूर्ति शृंखला की पारदर्शिता पर प्रश्न उठता है। औषधियों के लिए निर्धारित तापमान, बैच का लेखा-जोखा एवं समयावधि (एक्सपायरी) का समुचित पालन ऑनलाइन माध्यम में सुनिश्चित करना कठिन होता है।

इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन माध्यम में चिकित्सकीय पर्चे के सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी तरह नियंत्रित नहीं रहती, जिससे प्रतिबंधित श्रेणी की दवाओं के दुरुपयोग की संभावना बढ़ जाती है, जो जन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।

हमारे संगठन के सदस्य अधिकृत विक्रेताओं एवं दवा निर्माता कंपनियों की वैध आपूर्ति शृंखला से जुड़े हैं, जिससे दवाओं की गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता सुनिश्चित रहती है। वहीं ऑनलाइन माध्यम में इस प्रकार की स्पष्ट व्यवस्था का अभाव रहता है, जिससे गलत अथवा अवैध दवाओं के प्रसार की आशंका बनी रहती है।

सरकार द्वारा गठित औषधि नियंत्रण विभाग समय-समय पर निरीक्षण एवं जांच के माध्यम से हमारी संस्था से जुड़े दवा विक्रेताओं पर निगरानी रखता है, जिससे सुरक्षित एवं नियंत्रित व्यवस्था में दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित हो पाती है।

अतः ऑनलाइन दवा विक्रय से न केवल स्थानीय दवा व्यवसाय प्रभावित होता है, बल्कि दवाओं की गुणवत्ता एवं सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

वर्तमान में यह अत्यंत चिंता का विषय है कि बालको प्रबंधन द्वारा संचालित बालको चिकित्सालय की आकस्मिक दवाओं की आपूर्ती टाटा 1MG जैसी ऑनलाइन दवा विक्रेता संस्था को दवा आपूर्ति हेतु गोपनीय तरीके से अनुबंध आवंटित किया जा रहा है। इससे भी अधिक गंभीर बात यह है कि स्थानीय दवा व्यवसायियों की तुलना में अधिक कीमतों पर दवाओं की आपूर्ति की जा रही है, जिससे न केवल स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है बल्कि उपभोक्ताओं पर भी अनावश्यक आर्थिक भार पड़ रहा है। बालको प्रबंधन की इस प्रकार की मनमाना व्यवहार का हमारी संस्था कड़ा विरोध करती है एवं इस ऑनलाइन दवा आपूर्ति प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग करती है। ऑनलाइन दवा के विक्रय के विरोध में “ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन” के द्वारा आगामी 11 मई को पुरे भारत वर्ष के सभी दवा दुकाने बंद रहेंगी ।

अतः आपसे विनम्र अनुरोध है कि इस महत्वपूर्ण विषय को अपने प्रतिष्ठित समाचार पत्र/चैनल में प्रमुखता से प्रकाशित करने हेतु एक विशेष कॉलम प्रदान करें, ताकि जनमानस एवं संबंधित प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित हो सके और उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

 

About The Author