कोरबा में भीषण सड़क हादसा: कोयला लदे ट्रेलर की टक्कर से पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सहित चार घायल
कोरबा। जिले के भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर कूकरीचोली पेट्रोल पंप के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर तेज गति में था और अचानक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार दूर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राहगीरों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए डायल 112 को सूचना दी और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। समय पर उपचार मिलने से घायलों को राहत मिल सकी।
चालक मौके से फरार
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। वहीं, सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।















