अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रज़गामार में जागरूकता कार्यक्रम, रैली निकालकर दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

कोरबा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को कोरबा जिले के ग्राम पंचायत रज़गामार में शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी की वॉलेंटियर श्रीमती पापिया चौधरी ने गांव की महिलाओं को एकत्रित कर कार्यक्रम में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। इस दौरान महिलाओं और युवतियों द्वारा गांव में जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें महिला सशक्तिकरण, अधिकार और समानता का संदेश दिया गया।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम “अधिकार, न्याय और कार्रवाई” पर विशेष चर्चा की गई। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकार, स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर रज़गामार के प्राचार्य अलख नारायण शर्मा भी उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायत के सरपंच हरि सिंह राठिया, उपसरपंच जितेंद्र राठिया और पंच दुर्गा टंडन ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए महिलाओं को सशक्त बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस दौरान महिलाओं को अपनी समस्याओं को समझकर उनका समाधान निकालने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के संघर्ष, उनकी उपलब्धियों और आत्मनिर्भरता पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 150 लोग उपस्थित रहे।

About The Author