शहर के चौक-चौराहों पर होर्डिंग्स से बिगड़ी सूरत, राहगीर परेशान
कोरबा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नेताओं और संगठनों के होर्डिंग्स व बैनर लगाने से आमजन को परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर अव्यवस्थित ढंग से लगाए गए बड़े-बड़े फ्लेक्स और बोर्ड न केवल शहर की खूबसूरती बिगाड़ रहे हैं, बल्कि यातायात में भी बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
नगर निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में ऐसे अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश दिए गए थे, बावजूद इसके शहर में कई स्थानों पर यह समस्या जस की तस बनी हुई है। नेहरू चौक, बालको मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर और डीपीएस तिराहा जैसे व्यस्त इलाकों में सड़क किनारे लगे होर्डिंग्स राहगीरों की आवाजाही में रुकावट पैदा कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि निगम नियमों के तहत बिना अनुमति होर्डिंग लगाना प्रतिबंधित है। नगर निगम के जोन कमिश्नर ने बताया कि शहर की सौंदर्य व्यवस्था को बनाए रखने और यातायात बाधा को रोकने के लिए संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से अपील की है कि बिना अनुमति लगाए गए सभी बैनर-होर्डिंग्स को तत्काल हटाया जाए, ताकि शहर का सौंदर्य और यातायात दोनों सुचारू रह सकें।















