डीएवी मुख्यमंत्रि पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डीएवी मुख्यमंत्रि पब्लिक स्कूल, खर्मोरा, कोरबा में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया की सुरक्षित जानकारी और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व साइबर सेल, कोरबा की टीम ने किया। मुख्य अतिथि एवं विशेषज्ञों में श्री अजय सोनवानी (इंचार्ज, साइबर सेल कोरबा), _श्री आदित्य शर्मा (असिस्टेंट मैनेजर, इक्विटास स्मॉल फाइनेंस), श्री विरकेश्वर प्रताप सिंह (तकनीकी विशेषज्ञ, साइबर सेल), तथा श्री रवि चौबे (तकनीकी विशेषज्ञ, साइबर सेल कोरबा) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम एक इंटरएक्टिव सत्र के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करना, या अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल स्वीकार करना हैकिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी का प्रमुख कारण है। उन्होंने सोशल मीडिया का सही और उपयोगी उद्देश्य से इस्तेमाल करने की सलाह दी।
सत्र का मुख्य आकर्षण “डिजिटल अरेस्ट” जैसे नए प्रकार के साइबर अपराधों पर चर्चा रही। विशेषज्ञों ने समझाया कि किसी भी परिस्थिति में सरकारी संस्था, बैंक या पुलिस व्यक्तिगत जानकारी, OTP या CVV नंबर मांगने के लिए कॉल नहीं करते । ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत अपने माता-पिता को देने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को व्हाट्सएप पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय करने, अजनबियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, तथा प्ले स्टोर से कोई भी ऐप डाउनलोड करने से पहले उसके रिव्यू और साइज जांचने की व्यवहारिक सलाह दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को खोए हुए मोबाइल फोन के लिए सरकारी पोर्टल (CEIR) तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
विद्यालय के प्राचार्य श्री हेमंतो मुखर्जी ने साइबर सुरक्षा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। यह आयोजन विद्यालय की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसके अंतर्गत बच्चों को आधुनिक समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए संपूर्ण और व्यवहारिक शिक्षा प्रदान की जाती है।















