कलयुगी पिता की हैवानियत: ढाई माह के बेटे को नहीं बख्शा, लकड़ी के वार से मासूम की मौत
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा गांव में एक पिता ने अपने ही ढाई माह के मासूम बेटे की लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। 15 नवंबर की रात विवाद के दौरान आरोपी ने जलाऊ लकड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में मां के साथ उसकी गोद में मौजूद मासूम बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता द्वारिका प्रसाद केंवट (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मां की गोद में दूध पी रहा था मासूम, तभी पिता ने किया हमला
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी द्वारिका प्रसाद केंवट अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि आरोपी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी करता था।
15 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे एक बार फिर घर में विवाद शुरू हो गया। उस समय पत्नी अपने ढाई माह के बेटे सोमू को गोद में लेकर दूध पिला रही थी। इसी दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पास में रखी जलाऊ लकड़ी उठाकर हमला कर दिया।
मां ने हाथ आगे कर बचाने की कोशिश की, फिर भी सिर पर लगी गंभीर चोट
अचानक हुए हमले से बचने के लिए मां ने अपना हाथ आगे कर दिया। लकड़ी के वार से उसकी दाहिनी कलाई में चोट आई। लेकिन हमले की चपेट में गोद में मौजूद मासूम सोमू भी आ गया। उसके सिर के बाएं हिस्से में गंभीर चोट लग गई और सूजन आ गई।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर बच्चे के बड़े पिता राजू केंवट और बड़ी मां सुमित्रा केंवट मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर घायल मां और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान ढाई माह के सोमू की मौत
परिजन आनन-फानन में मां और मासूम को कटघोरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मां भी हमले में घायल हुई है, जिसका उपचार जारी है।
आरोपी पिता गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मामले की शिकायत मिलने के बाद कटघोरा थाना पुलिस ने आरोपी द्वारिका प्रसाद केंवट के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
चरित्र पर संदेह बना मासूम की मौत की वजह
महज ढाई माह की उम्र में मासूम सोमू ने अभी दुनिया को ठीक से देखा भी नहीं था। जिस पिता से बच्चे की सुरक्षा और प्यार की उम्मीद होती है, उसी पर उसकी हत्या का आरोप है। पारिवारिक विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।










