Korba Elephant Attack: पसान के बनखेता गांव में 65 हाथियों का तांडव, मकान तोड़ा और धान की फसल रौंदी; जान बचाकर भागा परिवार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। पसान वन परिक्षेत्र के बनखेता गांव में बीती रात 65 हाथियों के दल ने जमकर तबाही मचाई। हाथियों ने एक ग्रामीण के कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी और घर में रखा धान-चावल खा गए। इसके बाद खेतों में पहुंचकर कई एकड़ में लगी धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। हाथियों के डर से एक परिवार को अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर भागना पड़ा।
रात 10 से 11 बजे गांव में घुसा हाथियों का दल
ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब 10 से 11 बजे के बीच 65 हाथियों का दल चिंघाड़ते हुए बनखेता गांव में पहुंचा। हाथियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसी दौरान एक परिवार ने हाथियों को अपने घर की ओर आते देखा और जान बचाने के लिए घर छोड़कर भाग निकला।
हाथियों ने कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी। घर में रखा धान और चावल खा गए, जबकि बर्तनों को पैरों से कुचलकर नुकसान पहुंचाया। इसके बाद हाथियों का दल खेतों की ओर बढ़ गया और धान की तैयार होती फसल को पैरों से रौंद दिया।
कोरबा जिले में घूम रहे 65 हाथी, कई गांवों में दहशत
वन विभाग के अनुसार, कटघोरा वनमंडल में 52 हाथियों का दल सक्रिय है। मरवाही क्षेत्र से लौटने के बाद हाथियों ने पसान सर्किल के तराईनार जंगल में डेरा जमाया है। रात के समय यह दल दो-तीन समूहों में बंटकर भर्रापारा, कुम्हारीसानी, बोकरामुड़ी, तराईनार और बनखेता गांवों के आसपास पहुंच रहा है।
वहीं, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 13 हाथियों की मौजूदगी है। इस तरह जिले में कुल 65 हाथी विचरण कर रहे हैं।
एक महीने में 33 एकड़ फसल और 250 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त
हाथियों के लगातार उत्पात से ग्रामीणों और किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में दोनों वनमंडलों में हाथियों ने करीब 33 एकड़ धान की फसल बर्बाद कर दी है। इसके अलावा 250 से ज्यादा मकानों को भी नुकसान पहुंचाया है। प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने फसल एवं मकान क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग की है।
24 घंटे निगरानी कर रहा वन विभाग, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
पसान वन परिक्षेत्र अधिकारी के अनुसार, हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय जंगल की ओर न जाएं, खेतों में न सोएं और हाथियों को भगाने या उनके करीब जाने की कोशिश न करें। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और वन विभाग को तत्काल जानकारी दें।










