कोरबा में बेकाबू ब्रेजा कार का तांडव, 7 से 8 लोगों को मारी टक्कर, चालक फरार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी पुल के पास तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने जमकर कहर बरपाया। बताया जा रहा है कि कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए करीब 7 से 8 लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में महिला, पुरुष और बच्चे भी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की मदद के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, ब्रेजा कार क्रमांक CG11BR 2946 मड़वारानी पुल के समीप लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी। हादसे में कई लोगों को चोटें आने की जानकारी सामने आई है। वहीं, एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
हादसे के बाद कार छोड़कर चालक फरार
इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कई लोगों को टक्कर मारने के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालने और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों और फरार चालक की पहचान व गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लापरवाही से वाहन चलाने पर उठे सवाल
मड़वारानी पुल के पास हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहन चलाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना होगा कि पुलिस फरार चालक को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा कब होता है।










