• nagardarpannews

CSEB ग्राउंड में धीरे-धीरे हो रहा कथित अतिक्रमण, प्रशासन तत्काल कराए जांच – धनेश कुमार सिंह

कोरबा। शहर के CSEB ग्राउंड में धीरे-धीरे किए जा रहे निर्माण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि मैदान की भूमि पर पहले छोटे स्तर पर निर्माण शुरू किया गया और देखते-देखते उसका स्वरूप बढ़ता गया।

अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग के मैदान में यदि बिना स्पष्ट अनुमति के इस तरह चरणबद्ध तरीके से निर्माण किया जा रहा है, तो यह गंभीर विषय है। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद कोई अस्थायी अथवा आवश्यक संरचना बनाई जा रही होगी, लेकिन धीरे-धीरे निर्माण का स्वरूप बदलता गया और अब वहां स्थायी कब्जे जैसी स्थिति दिखाई देने लगी है।

उन्होंने कहा कि “सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण एक दिन में नहीं होता, बल्कि धीरे-धीरे आकार लेता है। शुरुआत में छोटी गतिविधि को नजरअंदाज किया जाता है और बाद में वही बड़ा निर्माण बन जाता है। CSEB ग्राउंड के मामले में भी समय रहते स्थिति स्पष्ट करना आवश्यक है।”

श्री सिंह ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से CSEB ग्राउंड का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने तथा निर्माण की अनुमति और भूमि की स्थिति की जांच कराने की मांग की है। यदि निर्माण अनधिकृत अथवा अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

आयुक्त को पत्र भेजकर फोटोग्राफ भी किए संलग्न

उक्त संबंध में अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा को लिखित पत्र भी प्रेषित किया है। पत्र के साथ CSEB ग्राउंड में हो रहे निर्माण एवं मौके की स्थिति को दर्शाने वाले फोटोग्राफ भी संलग्न किए गए हैं। पत्र के माध्यम से स्थल निरीक्षण कराकर निर्माण की वैधता एवं भूमि की स्थिति की जांच करने तथा यदि अतिक्रमण अथवा अनधिकृत निर्माण पाया जाए तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।

श्री सिंह ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि को समय रहते अतिक्रमण से मुक्त एवं सुरक्षित रखना आवश्यक है, ताकि भविष्य में स्थिति गंभीर रूप न ले।

About The Author