• nagardarpannews

Korba News: रेप के आरोपी का अस्पताल में आराम फरमाते वीडियो वायरल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दुष्कर्म के आरोपी का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में आरोपी पवन महतो अस्पताल के स्पेशल वार्ड में बेड पर लेटे हुए मोबाइल पर बात करता नजर आ रहा है। वीडियो में उसके पास के बेड पर तैनात दो पुलिस आरक्षक भी आराम करते दिखाई दे रहे हैं। मामले को लेकर सवाल उठने के बाद सीएसपी ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के दौरान आरोपी की तबीयत खराब होने की शिकायत के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दूसरी ओर, आरोप लग रहे हैं कि जेल जाने से बचने के लिए आरोपी अस्पताल में भर्ती हुआ है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कैमरा देखते ही मोबाइल साइड करता नजर आया आरोपी

सामने आए वीडियो में पवन महतो अस्पताल के बेड पर लेटे हुए मोबाइल का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा है। वीडियो बनाने के दौरान कैमरे पर नजर पड़ते ही वह मोबाइल एक तरफ करता नजर आता है। वीडियो में उसके पास वाले बेड पर दो पुलिस आरक्षक भी दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक पुलिसकर्मी मोबाइल पर सोशल मीडिया चैट करता नजर आ रहा है।

वीडियो में आरोपी ने अपनी तबीयत को लेकर हार्ट संबंधी परेशानी होने की बात कही। साथ ही, उसने गुटखा खाने के आरोप पर कहा कि वह गुटखा नहीं, बल्कि सॉफ्ट सुपारी खा रहा है।

आरोपी की निगरानी के लिए अस्पताल में दो पुलिस आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सीएसपी ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।

32 वर्षीय महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप

जानकारी के मुताबिक, मामला कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली करीब 32 वर्षीय महिला ने पवन महतो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है और वह अपनी बेटी के साथ माता-पिता के घर रहती है। बताया गया है कि महिला प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है।

महिला की शिकायत के अनुसार, 14 अप्रैल 2022 को वह सतरेंगा में पिकनिक मनाने गई थी। इसी दौरान जमीन के सिलसिले में उसकी मुलाकात पवन महतो से हुई। आरोपी कोरबा के एक पावर प्लांट में काम करता है। उसके पास अभिनंदन कॉम्प्लेक्स के पास चार डिसमिल जमीन थी, जिसे बिकवाने के सिलसिले में दोनों के बीच जान-पहचान हुई।

महिला का आरोप है कि इसके बाद पवन उससे लगातार मिलने लगा और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि पवन ने उससे शादी करने की इच्छा जताई थी। शिकायत के मुताबिक, 19 अप्रैल 2023 को आरोपी उसे रामपुर हाउसिंग बोर्ड स्थित अपने किराए के फ्लैट में ले गया, जहां उसकी मर्जी के बिना शारीरिक संबंध बनाए।

महिला का आरोप है कि इसके बाद भी पवन शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब भी वह शादी के बारे में पूछती थी, तो आरोपी अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने की बात कहता था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने कई बार पवन से शादी करने के लिए कहा, लेकिन वह लगातार बात टालता रहा। महिला का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर उसका लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया गया।

About The Author