कोरबा में बड़ा हादसा टला: रेसिंग कर रही बोलेरो शिव मंदिर की दीवार से टकराई
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित कुसमुंडा SECL कॉलोनी में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। यहां कथित तौर पर नशे की हालत में दो फोर व्हीलर चालक आपस में रेसिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की दीवार का एक हिस्सा टूट गया। हालांकि, हादसे में बोलेरो चालक बाल-बाल बच गया।
ओवरटेक करने के चक्कर में अनियंत्रित हुई बोलेरो
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर शाम कुसमुंडा SECL कॉलोनी में दो फोर व्हीलर चालक तेज रफ्तार में एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों चालक नशे की हालत में थे और सड़क पर रेसिंग कर रहे थे।
इसी दौरान एक बोलेरो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बोलेरो सीधे शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल से जा टकराई। टक्कर के बाद दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
बाल-बाल बचे राहगीर, टला बड़ा हादसा
हादसे के समय मंदिर के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते बड़ी जनहानि होने से बच गई। वहीं, रेसिंग कर रहे वाहनों की चपेट में आने से सड़क पर चल रहे राहगीर भी बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दूसरा वाहन चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं बोलेरो चालक मौके पर ही नशे की हालत में पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
कॉलोनीवासियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी और राहगीर जमा हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुसमुंडा कॉलोनी में तेज रफ्तार वाहन चलाने और स्टंट करने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। शाम के समय कई युवक बाइक और फोर व्हीलर से तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।
लोगों का कहना है कि यदि ऐसे वाहन चालकों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना कुसमुंडा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद मौके से फरार हुए दूसरे वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वाहन चालक नशे में थे या नहीं और रेसिंग की स्थिति कैसे बनी।









