कोरबा में साइबर जागृति अभियान: 1000 नागरिकों को किया जागरूक, UPI और बैंक फ्रॉड से बचने की दी जानकारी

कोरबा, 24 अगस्त 2026। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच कोरबा पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1000 नागरिकों को साइबर ठगी, UPI फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में चलाया गया।

बैंक, स्कूल और औद्योगिक क्षेत्रों में पहुंची पुलिस टीम

24 अगस्त को थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

इस दौरान SBI बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, हरिकिशन पब्लिक स्कूल, BALCO और L&T कंपनी समेत सार्वजनिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

OTP और UPI PIN किसी से साझा नहीं करने की समझाइश

पुलिस ने नागरिकों को समझाइश दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। इसके साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने, फर्जी कॉल और नकली वेबसाइटों से सावधान रहने की अपील की गई।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर बैंक खाते से रकम निकाल रहे हैं। ऐसे में डिजिटल लेनदेन करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।

About The Author