जलभराव का सतत जायजा व जल निकासी में जुटा रहा निगम अमला

कोरबा 24 अगस्त 2026 – सोमवार दोपहर के बाद लगातार हुई तेज बारिश से होने वाले जल जमाव का जायजा लेने व पानी की निकासी में नगर पालिक निगम कोरबा का अमला सातों जोन में सक्रिय रहा। इस दौरान कोसाबाड़ी जोन के शंतिनगर मोहल्ले, पोड़ीबहार राठौर मोहल्ला, जिला अस्पताल के सामने सहित अन्य विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हुई, निगम अमले ने तत्काल जेसीबी के माध्यम से जल निकासी का मार्ग बनाया तथा जलभराव को दूर किया।
सावन के अंतिम सोमवार को दोपहर के बाद बादल जमकर बरसे, रूक-रूककर हुई तेज बारिश से वार्ड व बस्तियों में होने वाले जल जमाव की स्थिति पर नजर रखने हेतु निगम का अमला लगातार सक्रिय रहा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम के सभी 07 जोन के जोन कमिश्नर अपने-अपने अमले के साथ बरसाते पानी में फील्ड विजिट करते नजर आये, अधिकारियों ने जल भराव पर लगातार नजर रखी तथा जहॉं कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित हुई, वहॉं पर त्वरित कार्यवाही करते हुये जेसीबी के माध्यम से जल की निकासी का रास्ता बनाया तथा जलभराव को दूर किया।

About The Author