कोरबा में झाड़ी साफ करते समय निकला कोबरा, युवक को डसा; स्नेक कैचर ने बिल खोदकर पकड़ा

कोरबा। जिले के दादर क्षेत्र में सांप के काटने का मामला सामने आया है। घर के अंदर झाड़ी साफ कर रहे रामदयाल को अचानक कोबरा सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों ने सांप की पहचान के बाद शुरू किया इलाज

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सांप की पहचान करने के लिए उसे साथ लाने को कहा। इसके बाद परिजनों ने स्नेक कैचर टीम से संपर्क किया। जानकारी मिली कि सांप डसने के बाद घर के अंदर बने एक बिल में घुस गया है।

स्नेक कैचर टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद बिल को खोदकर करीब आधे से एक घंटे की तलाश के बाद कोबरा को बाहर निकाला। सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किए गए सांप को पहचान के लिए अस्पताल लाया गया।

झाड़ी साफ करते समय अचानक निकला कोबरा

रामदयाल के मुताबिक, वह घर के अंदर झाड़ी साफ कर रहा था। इसी दौरान जमीन में बने एक बिल के पास पहुंचते ही अचानक कोबरा बाहर निकला और उसे डस लिया। सांप के डसने के बाद वह वापस बिल में चला गया।

घटना के बाद रामदयाल बिना देर किए अस्पताल पहुंचा। सांप की पहचान होने के बाद डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।

हालत स्थिर, खतरे से बाहर

कोबरा की पहचान होने के बाद रामदयाल का इलाज शुरू किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।

रेस्क्यू किए गए कोबरा को सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़े जाने की तैयारी है।

बारिश में बढ़ जाता है सांपों का खतरा

बरसात के मौसम में सांप अक्सर बिलों और सुरक्षित ठिकानों से बाहर निकलकर घरों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में घर के आसपास झाड़ियों और कचरे की नियमित सफाई करना जरूरी है। सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लेना चाहिए।

About The Author