कोरबा में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते खुले कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, मौत से परिवार में मचा कोहराम
कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र की पुरानी बस्ती दादर में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। वार्ड क्रमांक 34 में घर के पास खेल रहा तीन वर्षीय मासूम अभियांस पटेल अचानक खुले कुएं में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलते-खेलते कुएं तक पहुंचा मासूम
जानकारी के मुताबिक, अभियांस घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बाड़ी की ओर चला गया। इसी दौरान वह खुले कुएं के पास पहुंचा और अचानक संतुलन बिगड़ने से कुएं में जा गिरा। घटना के समय परिजन इस बात से अनजान थे कि बच्चा कुएं तक पहुंच गया है।
कुछ देर बाद जब अभियांस नजर नहीं आया तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। बाड़ी की ओर जाने पर कुएं में बच्चा दिखाई दिया। परिजनों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बारिश के बाद बढ़ गया था कुएं का जलस्तर
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिसके चलते कुएं में पानी का जलस्तर बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि कुआं खुला था और उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। इसी वजह से हादसे की आशंका बनी हुई थी।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
अभियांस सतानंद पटेल का छोटा बेटा था। परिवार खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जियां उगाने का काम करता है। दो भाइयों में सबसे छोटा अभियांस आंगनबाड़ी जाता था। मासूम की मौत की खबर से परिवार के साथ ही आसपास के लोगों में भी शोक की लहर है।









