Korba News: पसान के तरईनार गांव में घुसा दंतैल हाथी, घर की दीवार तोड़ी; बाल-बाल बचा परिवार
कोरबा, 21 अगस्त। कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत तरईनार गांव में शुक्रवार सुबह एक दंतैल हाथी के घुस आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खाने की तलाश में बस्ती के करीब पहुंचे हाथी ने प्रकाश नायक के घर की दीवार तोड़ दी। हाथी को अचानक घर के पास देखकर परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। सभी जान बचाकर दूसरे कमरे में चले गए। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सुबह बस्ती में पहुंचा दंतैल
बताया गया कि शुक्रवार सुबह हाथी तरईनार गांव की बस्ती के करीब पहुंच गया। भोजन की तलाश में वह घरों के आसपास घूमने लगा। इसी दौरान हाथी ने प्रकाश नायक के मकान की एक दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
हाथी की मौजूदगी से परिवार के लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थान पर चले गए। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही
ग्रामीणों के अनुसार, पसान क्षेत्र में पिछले कई महीनों से हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। हाथियों के दल गांवों के आसपास पहुंचने के साथ ही कई बार घरों में तोड़फोड़ कर चुके हैं। इसके अलावा खेतों में पहुंचकर धान और अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता हाथियों का अचानक बस्ती के नजदीक पहुंचना है। रात के समय घर से बाहर निकलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। कई ग्रामीण लाठी और टॉर्च लेकर रात में पहरा देने को मजबूर हैं।
वन विभाग कर रहा ग्रामीणों को सतर्क
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की गश्ती टीम लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और जंगल अथवा खेत की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। गांवों में मुनादी कराकर भी हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी जा रही है, ताकि लोग समय रहते सतर्क हो सकें।
वन मंत्री के दौरे के बाद फिर सामने आया हाथी का मामला
गौरतलब है कि दो दिन पहले वन मंत्री केदार कश्यप कोरबा पहुंचे थे। उन्होंने जिले में मानव-हाथी द्वंद्व और वन विभाग की तैयारियों की समीक्षा की थी। इस दौरान ‘गज संकेत ऐप’ समेत विभिन्न नवाचारों के जरिए मानव-हाथी संघर्ष और इससे होने वाली मौतों में कमी लाने की बात कही गई थी।
मंत्री के दो दिवसीय दौरे के दौरान अधिकारियों के साथ मानव-हाथी संघर्ष को लेकर चर्चा हुई थी। शुक्रवार सुबह उनके जांजगीर रवाना होने के बाद ही तरईनार गांव में हाथी के बस्ती में घुसने की घटना सामने आई।
फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने, उसे भगाने या फोटो-वीडियो बनाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।









