कोरबा में 22 अगस्त को होगा साइबर जागृति अभियान, ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जाएगी जानकारी
कोरबा। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा में साइबर जागृति अभियान का आयोजन किया जा रहा है। रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के प्रायोजन और श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के सहयोग से छत्तीसगढ़ पुलिस की पहल के तहत यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम का आयोजन 22 अगस्त 2026, शनिवार को सुबह 11:30 बजे श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में किया जाएगा।
साइबर अपराध से बचाव के बताए जाएंगे तरीके
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रतिनिधियों द्वारा साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। लोगों को साइबर क्राइम से बचने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से निपटने के उपायों के बारे में भी बताया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, वर्तमान समय में मोबाइल बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान और सोशल मीडिया का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है।
अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील
रोटरी क्लब ऑफ कोरबा ने आम नागरिकों से इस जागरूकता अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए केवल खुद जागरूक होना ही नहीं, बल्कि परिवार और आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के सचिव रोटे. मनोज कुमार अग्रवाल ने लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता कर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने और जागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की है।









