डीएवी खरमोरा में सर्वाइकल कैंसर एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, खरमोरा के विद्यालय प्रांगण में दिनांक 05/08/26 को छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के लिए सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर एवं महिला स्वास्थ्य विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आमंत्रित डॉ० आकांक्षा जायसवाल, मेडिकल आफिसर एवं उनकी टीम कांता सोरेन, शिनला राठिया एवं नरेन्द्र कुमार ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच, एचपीवी (HPV) टीकाकरण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा संतुलित जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच एवं उचित चिकित्सकीय परामर्श से इस रोग की रोकथाम और सफल उपचार संभव है।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चिकित्सक ने अभिभावकों से अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा आवश्यक टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया। इस अवसर पर छात्राओं एवं अभिभावकों ने महिला स्वास्थ्य, किशोरावस्था, मासिक धर्म, पोषण तथा सर्वाइकल कैंसर से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका चिकित्सक ने सरल एवं वैज्ञानिक ढंग से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री हेमंतो मुखर्जी ने कहा कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की संयुक्त सहभागिता ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाती है। उन्होंने आमंत्रित चिकित्सक एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के हित में ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
अंत में प्राचार्य मुखर्जी ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह स्वरूप सैंपलिंग देकर सम्मानित किया।
यह कार्यक्रम छात्राओं एवं अभिभावकों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा तथा सभी ने महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और इस जानकारी को समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

About The Author