इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कोरबा जिला शाखा के कार्यों की गहन समीक्षा, सेवा और पारदर्शिता के नए अभियान की शुरुआत
रायपुर/कोरबा। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की राजधानी रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य चेयरमैन तोमन साहू एवं उपाध्यक्ष ई. डी. इस्सर की उपस्थिति में कोरबा जिला शाखा के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कोरबा शाखा द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आगामी वर्षों में और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में कोरबा जिला शाखा की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि वर्ष 2026-27 में शाखा समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है।

प्रमुख उपलब्धियां
जिले के 11,924 एनीमिया, सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया।
पिछले दो वर्षों में 66 रक्तदान शिविर आयोजित कर लगभग 2,000 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।
आर्थिक रूप से कमजोर 376 मरीजों को उपचार हेतु ₹6.32 लाख से अधिक की सहायता प्रदान की गई।
संस्था की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है तथा वर्तमान में ₹26.80 लाख की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) सुरक्षित है।
जिले में 1,772 पंजीकृत सदस्य हैं तथा सदस्यता शुल्क के रूप में ₹19.27 लाख से अधिक राशि एकत्रित की गई।
जूनियर रेड क्रॉस के माध्यम से कोरोना काल के बाद भी छात्रों से प्राप्त सहयोग राशि का विवरण प्रस्तुत किया गया।
संसाधनों की हुई समीक्षा
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) की रिपोर्ट के आधार पर जिले की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिला शाखा को डीएमएफ मद से ब्लड डोनेशन वाहन प्राप्त हुआ है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक को आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही संस्था के संसाधनों एवं अभिलेखों को और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों की विशेष बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी, ताकि रेड क्रॉस की गतिविधियों में प्रशासनिक समन्वय और अधिक मजबूत हो सके। साथ ही कोरबा में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य शिविर एवं जनसेवा गतिविधियों का विस्तार करने पर भी सहमति बनी।
राज्य नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि रेड क्रॉस का उद्देश्य मानव सेवा को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाना है तथा भविष्य में जिले में सेवा कार्यों को और व्यापक रूप दिया जाएगा।









