Bilaspur Range Police: अपराधियों पर शिकंजा कसने आईजी की नई रणनीति, ‘एक गुंडा-एक जवान’ नीति लागू, सघन निगरानी के निर्देश

बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और ‘प्रिवेंटिव पुलिसिंग’ (निवारक पुलिसिंग) को मजबूत करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में सोमवार को उच्च स्तरीय ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारियों सहित करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना, संपत्ति एवं शरीर संबंधी अपराधों की रोकथाम करना तथा सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना था।

एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने साझा किया अनुभव

कार्यशाला के दौरान सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने ‘गुंडा एवं निगरानी बदमाश’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए निवारक पुलिसिंग, बेसिक पुलिसिंग की पुनर्स्थापना और अपराधियों की निगरानी के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी।

‘एक गुंडा-एक जवान’ नीति लागू

आईजी राम गोपाल गर्ग ने निर्देश दिए कि प्रत्येक निगरानी बदमाश की जिम्मेदारी एक पुलिस जवान को सौंपी जाए। संबंधित जवान अपराधी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगा और यदि जमानत पर छूटने के बाद वह दोबारा अपराध करता है तो भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 480 के तहत तत्काल जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author