कोरबा में “रानी धनराज कुंवर महोत्सव” आयोजित करने की उठी मांग, इतिहासकारों और नागरिकों ने रखा प्रस्ताव

कोरबा। रायगढ़ के ऐतिहासिक चक्रधर समारोह और कोरबा के पाली महोत्सव की तर्ज पर जिले में “रानी धनराज कुंवर महोत्सव” आयोजित किए जाने की मांग तेज हो गई है। इतिहासकारों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और नागरिकों का कहना है कि कोरबा के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली रानी धनराज कुंवर की स्मृति में हर वर्ष भव्य महोत्सव आयोजित किया जाना चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ता मो. रफीक मेमन ने कहा कि रानी धनराज कुंवर का नाम कोरबा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उनके नाम पर स्थापित रानी धनराज कुंवर जिला चिकित्सालय, रानी धनराज कुंवर महाविद्यालय और ऐतिहासिक रानी महल, जहां वर्तमान में कमला नेहरू महाविद्यालय संचालित है, आज भी उनकी विरासत के साक्षी हैं।

प्रस्ताव के अनुसार, महोत्सव में लोकनृत्य, लोकसंगीत, आदिवासी संस्कृति, ऐतिहासिक प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। साथ ही रानी महल और अन्य ऐतिहासिक स्थलों को जोड़कर हेरिटेज टूरिज्म सर्किट विकसित करने की भी मांग की गई है, जिससे कोरबा की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिल सकेगा।

About The Author