CG Politics : विधानसभा मानसून सत्र से पहले भाजपा की बड़ी बैठक, मुख्यमंत्री निवास पर जुटेंगे सभी विधायक

CG Politics : रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने विधायकों के साथ अहम रणनीतिक बैठक करने जा रही है। यह बैठक आज शाम 7 बजे नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) में आयोजित होगी। बैठक में मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, भाजपा विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि विधानसभा सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, विपक्ष के संभावित मुद्दों और सदन की कार्यवाही को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

मानसून सत्र की तैयारी पर रहेगा फोकस

13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को देखते हुए भाजपा पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहती है। बैठक में सरकार की ओर से विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से सदन में रखने की रणनीति तैयार की जाएगी।

Korba: उपचार से आगे बढ़कर मानवता की मिसाल… शिवाय हॉस्पिटल में सेवा, समर्पण और संवेदना के साथ मनाई गई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती

इसके अलावा विधायकों को अपने-अपने विभागों और विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं, ताकि सदन में विपक्ष के सवालों का तथ्यात्मक और प्रभावी जवाब दिया जा सके।

विपक्ष के मुद्दों पर होगी चर्चा

सूत्रों के अनुसार, बैठक में कांग्रेस द्वारा उठाए जाने वाले संभावित मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बिजली-पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, नकटी भूमि विवाद और अन्य जनहित के विषयों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।

ऐसे में भाजपा विधायक दल की बैठक में इन सभी विषयों पर सरकार का पक्ष मजबूत ढंग से रखने और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति बनाई जाएगी।

विधायकों को दिए जाएंगे आवश्यक निर्देश

बैठक के दौरान सभी भाजपा विधायकों को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान अनुशासन बनाए रखने, सदन में सक्रिय भागीदारी निभाने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

इसके साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े प्रश्नों और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है, ताकि सदन में समन्वित रणनीति के साथ सरकार का पक्ष रखा जा सके।

सरकार उपलब्धियों को करेगी प्रमुखता से पेश

भाजपा सरकार मानसून सत्र के दौरान अपनी विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को सदन में प्रमुखता से रखने की तैयारी कर रही है। सरकार का प्रयास रहेगा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, कृषि, उद्योग, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी सदन के माध्यम से जनता तक पहुंचे।

वहीं विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले सवालों के जवाब के लिए भी विभागीय स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस बार का मानसून सत्र काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। सत्ता पक्ष जहां अपनी उपलब्धियों को सामने रखेगा, वहीं विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की कोशिश करेगा। ऐसे में मानसून सत्र से पहले भाजपा विधायक दल की यह बैठक रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है।

बैठक के बाद पार्टी की ओर से सत्र को लेकर अंतिम रणनीति तय होने की संभावना है, जिसके आधार पर भाजपा विधायक सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखेंगे। आगामी विधानसभा सत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

About The Author