‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 20 चालकों पर कार्रवाई, इस साल अब तक 1143 पर केस

कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। विशेष जांच अभियान के दौरान जिलेभर में 20 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों और यातायात इकाइयों द्वारा प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई।

जांच के दौरान 20 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनमें 8 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहन चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में नियमानुसार न्यायालयीन प्रक्रिया भी जारी है।

कोरबा पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 से अब तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 1143 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ है कि नशे की हालत में वाहन चलाना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल है। शराब के सेवन से चालक की निर्णय लेने की क्षमता, सतर्कता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इससे न केवल चालक, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ती है।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। यदि किसी समारोह में शराब का सेवन किया है तो स्वयं वाहन चलाने के बजाय चालक, टैक्सी या अन्य सुरक्षित परिवहन का उपयोग करें। साथ ही अपने परिवार और परिचितों को भी नशे की हालत में वाहन चलाने से रोकें, यातायात नियमों का पालन करें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत इस तरह की विशेष कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

About The Author